निगोही पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से दुष्कर्म आौर अपहरण के आरोपी को सात महीने के बाद मुंबई के जिला ठाणे से मजदूरी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मई में किशोरी को बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी भाग गया था। इस बीच आरोपी की मां ने मुकदमे में समझौता का दबाव बनाने के लिए न्यायालय के आदेश पर दूसरे पक्ष पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 24 अप्रैल को गांव मोहरतला निवासी गोपीचंद्र के खिलाफ 14 वर्षीय बेटी के अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने सात मई को किशोरी को बरामद कर लिया। उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 व पॉक्सो एक्ट को बढ़ा दिया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में काफी प्रयास किए, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
इस बीच गोपीचंद्र की मां प्रेमवती ने पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बनाने के लिए कोर्ट के आदेश पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। एसपी एस. आनंद ने बताया कि आरोपी के वांछित होने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी कुछ दिन अपने भाई के साथ दिल्ली में रहा। इसके बाद मुंबई चला गया। सीओ सदर अमित चौरसिया के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी गोपीचंद्र को जिला ठाणे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।