मुंबई: महाराष्ट्र के अकोला जिले के एक गांव में 28 वर्षीय महिला ही अपने पति की कातिल बन बैठी है। महिला ने अपने पति की हत्या को आत्महत्या का नाम दे दिया है। दरअसल अकोला जिले के गांव में रहने वाली महिला ने कथित तौर पर पहले अपने पति की हत्या के लिए एक व्यक्ति को सुपारी दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी थी कि महिला ने हत्या को अंजाम देने के बाद इसे आत्महत्या का रूप दे दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि 32 वर्षीय पीड़ित व्यक्ति बुधवार सुबह दहिहंडा थाना क्षेत्र के पुंडा गांव में लटका पाया गया था। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि व्यक्ति ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसे मारा गया है। पुलिस ने कहा कि व्यक्ति के शरीर को रस्सी से बांधा गया था और चोट के निशान थे, जो हत्या का संकेत देते हैं।
30 हजार रूपये में पति को मारने की दी सुपारी
अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान, पुलिस ने पीड़ित की पत्नी से पूछताछ कड़ी पूछताछ की थी। हालांकि पुलिस की कड़ी पूछताछ करने के बाद पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। महिला ने बताया कि हां उसने ही अपने पति को मारने की साजिश रची थी। महिला ने यह भी बताया कि उसने अपने पति को मारने के लिए ही एक गांव के अन्य व्यक्ति को पैसे दिए थे। महिला ने कहा कि उसने 30,000 रुपये में अपराध करने के लिए एक अन्य ग्रामीण को काम पर रखा था। पीड़ित की पत्नी ने कहा कि पहले उसके पति का रस्सी से गला घोंटा गया था और उसके शरीर को लोहे के बीम से लटका दिया गया था ताकि ऐसा लगे कि उसने आत्महत्या की है।
पति करता था मारपीट
पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला ने पूछताछ में बताया कि महिला अपने पति के बर्ताव से जरा भी खुश नहीं थी। महिला ने यह दावा किया है कि उसका पति शराब पीता था और उसके साथ मारपीट करता था। महिला ने यह भी कहा कि वह उत्पीड़न से थक चुकी थी। इसलिए उसने अपने पति को मौत के घाट ही उतारना उचित समझा था। हालांकि पुलिस ने कहा कि आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।