मध्यप्रदेश में बुरहानपुर के बोदरली से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत हुई। यात्रा में राहुल गांधी काफी एनर्जेटिक दिखाई दिए। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लेकिन इन सब के बीच यात्रा में एक यात्री ऐसा भी था जो कड़कड़ाती ठंड में गांधी जी का भेष रख कर सिर्फ धोती और एक कपड़ा डालकर सबको अपनी और आकर्षित कर रहा था। महाराष्ट्र से यात्रा में शामिल होने आया अधेड़ बुरहानपुर तक बिना चप्पल जूते के श्रीनगर तक यात्रा करेगा।
महाराष्ट्र के लातूर में रहने वाले मनोहर आनंद राव पाटिल सुबह 6 बजे बोदरली में यात्रा के स्थान पर पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि वे राहुल गांधी की यात्रा और उद्देश्य से प्रभावित होकर यहां आए हैं। अब बुरहानपुर से श्रीनगर तक पैदल यात्रा के साथ चलेंगे। पाटिल ने अपनी वेशभूषा के लिए बाकायदा सिर के बाल कटवा लिए। पाटिल का मानना है कि गांधी जी के सिद्धांतों पर ही देश आगे बढ़ सकता है, इसलिए गांधी जी का वेश रखकर यात्रा के अंतिम पड़ाव तक राहुल गांधी के साथ रहूंगा।
53000 किमी यात्रा पहले भी कर चुके
मनोहर पाटिल बीते तीन दिन से बुरहानपुर में है। वो यात्रा के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। इससे पहले भी कश्मीर से कन्याकुमारी तक और पूरब से पश्चिम तक की करीब 53000 किमी की विश्व शांति पैदल यात्रा कर चुके हैं। जिसमें प्रत्येक राज्य के छोटे बड़े शाहरो में जाकर विश्व शांति का अलख जगाया। पाटिल ने बताया कि एक बार फिर यात्रा पर निकला हूं और राहुल गांधी के विजन को आगे बढ़ाना है। देश के लिए ये यात्रा कर रहा हूं।