Mumbai : समुद्र और नदियों के जीवों की हत्या करने और उनकी काला बाजारी करने के लिए हमेशा से कई गिरोह काम करते रहे हैं। हालांकि समय-समय पर पुलिस ऐसे गिरोह का भांडा फोड़ती रहती है और आरोपियों को गिरफ्तार करती रही है। ऐसी ही एक नया मामला मुंबई में सामने आया है, जहां कथित तौर पर कुछ लोगों ने एक नदी में कई मछलियों और केकड़ों को मार दिया है। आरोप है कि, इन जीवों को किसी तरह का केमिकल डालकर मारा गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की है।
मामला नवी मुंबई के उरण में भेंडखल का है, जहां एक छोटी सी नदी में कई मछलियों और केकड़ों की मौत हो गई है। कुछ अज्ञात लोगों पर शक होने के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। यह एफआईआर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) ने कराई है।
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दर्ज करवाई शिकायत
इस बात की जानकारी उरण पुलिस थाने के अधिकारियों ने दी है। थाने के एक अधिकारी ने बताया है कि, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की तरफ से शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय मछुआरा समुदाय और पर्यावरणविदों ने भेंडखल में कुछ रासायनिक टैंकरों को नदी के पानी में धोए जाने पर अपनी चिंता जताई है।
रासायनिक टैंकरों की सफाई से मछलियों की मौत
पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा है कि, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपनी शिकायत में कहा कि, नदी में रासायनिक टैंकरों की सफाई से कई मछलियों और केकड़ों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक अब महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने नदी का निरीक्षण किया। इसके अलावा नदी के पानी का परीक्षण करने के लिए नमूने एकत्र किए। फिलहाल पुलिस मामले को लेकर हर तरह से जांच कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को किसी भी तरह का कोई सुराग नहीं मिला है।