मुंबई: मुंबई के अंधेरी पूर्व में स्थित एक 4 स्टार होटल के शेफ ने वेटर को चाकू मार दिया। दरअसल खाने के एक आर्डर को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई थी जिसके बाद शेफ ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से वेटर पर हमला कर दिया और उसकी मौत हो गई।
कोर्ट में पेश होगा आरोपित
मिली जानकारी के अनुसार अंधेरी कुर्ला रोड स्थित होटल में वेटर जगदीश जलाल की हत्या के मामले में आरोपित माधव मंडल को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जलाल हिमाचल का रहने वाला था वहीं मंडल बिहार का रहने वाला है और एक साल से होटल में काम कर रहा था।
गुरुवार की रात खाने के आर्डर को लेकर जलाल और मंडल में कहासुनी हो गई, लेकिन होटल मैनेजर ने बीच-बचाव कर विवाद सुलझा लिया। हालांकि, अगली सुबह काम पर लौटने पर वे फिर दोनों आपस में भिड़ गए।
सब्जियां काटने के दौरान फिर हुई बहस
जगदीश सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल के किचन में दाखिल हुआ, जब मंडल सब्जियां काट रहा था। दोनों फिर बहस करने लगे और गुस्से में आकर मंडल ने जलाल के सीने और पीठ में कई वार किए।
अधिकारी ने कहा कि अन्य कर्मचारी जलाल को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एमआईडीसी पुलिस ने होटल व अस्पताल का दौरा किया और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिकारी ने कहा, "हमने हत्या का मामला दर्ज कर मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।"
चाकू से हमला कर आठ लोगों को घायल किया
मुंबई के चर्चगेट इलाके में बीते दिनों एक नाइजीरिया के नागरिक ने चाकू से हमला कर आठ लोगों को घायल किया था। ये घटना शाम के समय पारसी वेल के निकट टाटा गार्डेन में हुई थी। जब 50 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक ने चाकू से राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया था। आरोपित की पहचान जान के रूप में हुई थी। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया था और घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया था।