Mumbai: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज (27 जुलाई) उद्योगपति रतन टाटा से मुलाकात की। शिंदे आज सुबह मुंबई में स्थित रतन टाटा के आवास पर उनसे मिलने गए थे। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। सीएम शिंदे ने कहा कि दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के साथ उनकी यह मुलाकात पॉलिटिकल नहीं बल्कि सद्भावना भेंट थी।
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि रतन टाटा का स्वास्थ्य ठीक है। इस दौरान जब उनसे पत्रकारों ने पूर्व की उद्धव ठाकरे सरकार के फैसलों को स्थगित करने के बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम समय में जिन कार्यों को जल्दबाजी में मंजूरी दी थी, उन्हें स्थगित किया गया है।
उन्होंने कहा “आवश्यक कार्यों पर रोक नहीं लगाई गयी है। सरकार बदलने से कोई भी जनता से जुड़ा विकास कार्य रद्द नहीं होगा। जो काम जरूरी है उसे रद्द नहीं किया जाएगा बल्कि गलत तरीके से उठाये गए कदम पर जरूर विचार किया जाएगा। जल्दबाजी में लिए गए फैसलों को अमल में लाने से रोका गया है।“ मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को कोई दिक्कत नहीं है, उनके साथ बैठकें की गई है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन की शुभकामनाओं दी, हालांकि उनसे इस संबंध में जब सवाल पूछा गया तो वह परहेज करते दिखे।