मुंबई: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किए जाने के बाद मंगलवार को सुबह मुंबई और उसके उपनगरों में तेज हवाएं चलने के साथ ही भीषण बारिश हुई, जिसके बाद महानगर में जगह -जगह पर जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हार्बर लाइन के डॉकयार्ड रेलवे स्टेशन के पास एक पेट्रोलपंप के नजदीक एक पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बाद में पेड़ को हटा दिया गया और यातायात बहाल हुआ, लेकिन इसकी गति बहुत धीमी है। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि मुंबई की जीवनरेखा कहलाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं में विलंब है। बहरहाल, मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि कुछ स्थानों पर दो फुट तक पानी भर गया है और कुछ पश्चिमी उपनगरों में वाहनों की आवाजाही धीमी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंधेरी उपनगर में दो फुट तक पानी भर गया है और वहां यातायात को एस. वी. रोड की ओर मोड़ा गया है। बांद्रा-वर्ली सी लिंक के दक्षिण की ओर के इलाकों में, महालक्ष्मी जंक्शन पर और गामादिया जंक्शन पर भी पानी भर गया है। इसी तरह हिंदमाता जंक्शन पर भी पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में प्रताप नगर, जोगेश्वरी में, वेस्टर्न एक्सप्रेस राजमार्ग पर कुछ स्थानों पर, नेताजी पालकर चौक, एडवर्ड नगर और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में परिवार अदालत में जलजमाव होने की वजह से यातायात धीमा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर और उपनगरों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी ने मुंबई में भारी से बेहद भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाते हुए सोमवार को ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था।