नालासोपारा. नालासोपारा (Nalasopara) में सोना खरीदने के बहाने वर्षा ज्वेलर्स (Varsha Jewelers) नामक दुकान में घुसी दो महिलाओं को दुकानदार अशोक जैन (47) ने उस वक्त रंगेहाथ पकड़ लिया, जब महिला नकली अंगूठी (Fake Ring) रख कर सोने (Gold) की असली अंगूठी लेकर जा रही थी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके से दोनों महिलाओं और उनके साथी रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के पास से दुकान से चोरी की गई सोने की अंगूठी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला आरोपी सुमन गुप्ता, संजना गुप्ता और रिक्शा चालक राजू गुप्ता शामिल हैं। तीनों के द्वारा कहां और कितनी चोरी की गई, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
दुकानदार जैन ने बताया कि एक महिला और एक युवती सोना खरीदने के बहाने विजयनगर स्थित उनके वर्षा ज्वेलर्स नामक दुकान में घुसी। उन्होंने कहा कि उन्हें अंगूठी खरीदना है। जिस पर उन्होंने सोने की अंगूठियों की ट्रे उनके सामने रख दिया। उसी दौरान आरोपी महिला ने 2.5 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी में हेराफेरी की और नकली अंगूठी को ट्रे में रख दिया और असली सोने की अंगूठी चुरा ली।
और भी कई मामलों का हो सकता है खुलासा
तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान से दोनों महिलाओं और उनके रिक्शा चालक साथी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। उन्हें शनिवार तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश मिला है। इन आरोपियों से 3 से 4 मामलों का खुलासा होने की संभावना है।