Sarita sharma
मुंबई:समय से पहले ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मुंबई पहुंच चुका है। मुंबई में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है जिसके चलते जगह-जगह जलभराव हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को 11 बजकर 43 मिनट पर समुद्र में हाई टाइड आने की संभावना है। इस दौरान 4.16 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। अगले 48 घंटे मुंबईकरों के लिए बड़ी चुनौती भरें होंगे।
अपडेट @10.30 AM- CSMT-कुर्ला के बीच ट्रेन सेवा सस्पेंड
उपनगरों में भारी बारिश और सायन- कुर्ला मार्ग पर जलभराव के कारण एहतियात तौर पर सीएसएमटी-कुर्ला के बीच ट्रेन सेवाओं को सुबह 9 बजकर 50 मिनट से निलंबित कर दिया गया है। दूसरे सेक्शन में सेवाएं जारी हैं।
अपडेट @ 10 बजे: मुंबई में बारिश से डूबीं सड़कें, वाहन फंसे
मुंबई में मॉनसून के दस्तक देते ही भारी बारिश शुरू हो गई है। मुंबई के कोलाबा में अभी तक 77 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं, सांताक्रूज में 60 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। भारी बारिश के कारण मुंबई की सड़कों पर जलभराव हो गया है। सायन की गलियों और गांधी मार्केट में कई वाहनों के फंसने की खबर है।
अपडेट@ 9.30 AM- 11.43 पर हाई टाइड की आशंका, 4.16 मीटर ऊंची लहरें
आज सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर हाई टाइड के साथ तेज बारिश की भी आशंका व्यक्त की गई है जिसके चलते मुंबई के निचले इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने आज मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में मुसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने आज तक मुंबई में मॉनसून पहुंचने की संभावना जताई थी। हालांकि अमूनन 10 जून से 15 जून के बीच मुंबई में मॉनसून आता है। मौसम विभाग मुंबई के डेप्युटी डायरेक्टर जनरल डॉ. जयंत सरकार के मुताबिक, मुंबई में मॉनसून आज पहुंच गया है। आमतौर पर 10 जून को मॉनसून दस्तक देता है, इस बार एक दिन पहले आया है।
आईएमडी ने महाराष्ट्र में शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की पुष्टि कर दी थी, जब मानसून तटीय रत्नागिरी जिले में हरनाई बंदरगाह में पहुंचा था। आईएमडी ने दोपहर में पूर्वानुमान जताया कि तेज हवाओं के साथ मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक और मध्य महाराष्ट्र में मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।